महाराष्ट्र में दीवार ढहने से 6 की मौत
ठाणे, 19 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में ठाणे जिले के मुंब्रा कस्बे में गुरुवार की शाम भूस्खलन के कारण एक दीवार के ढह जाने से तीन बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई।
यह दुर्घटना सैनिक नगर चाल में हुई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल देशमुख ने बताया, "दो परिवारों के लोग दीवार के नीचे दब गए। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक भारी बारिश के दौरान जमीन धंसने के कारण दीवार ढह गई।"
देशमुख ने बताया कि इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई, उनमें शांति देवी यादव (30), विभा पटेल (20), रीमा पटेल (25), राज पटेल, अमित पटेल और पांच वर्ष की एक बच्ची शामिल है, जिसकी पहचान नहीं हो पाई। राज और अमित की उम्र क्रमश: तीन एवं पांच वर्ष थी।
उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
ठाणे नगर निगम के आयुक्त आर.ए. राजीव ने बताया कि चाल के निवासियों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्य स्थानों पर भेजा जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications