अयोध्या से दिल्ली पहुंचा महावीरी का प्रसाद
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। अयोध्या के श्रीहनुमान गढ़ी में पूजित महावीरी (चंदन) का प्रसाद गुरुवार को दिल्ली पहुंच गया। इस महावीरी को राजधानी के कोने कोने में आयोजित की जाने वाली हनुमान चालीसा के कार्यक्रमों में बांटकर श्रीराम जन्मभूमि के लिए मंदिर निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा।
अयोध्या के संतों द्वारा देशभर में भेजी गई महावीरी श्रीराम मंदिर जागरण अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रांत मीडिया प्रमुख विनोद बंसल ने बताया कि यह महावीरी अयोध्या के प्रसिद्ध श्रीहनुमान गढ़ी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद देशभर के लगभग दस लाख गांवों में भेजी गई है।
महावीरी को विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश सिंहल एवं केंद्रीय मंत्री कोटेश्वर शर्मा ने श्रीहनुमत शक्ति जागरण समिति, दिल्ली के अध्यक्ष नरेश गुप्ता तथा मंत्री बृज मोहन सेठी को दिल्ली में सौंपा। स्टील के डिब्बों में बंद इस महावीरी को राजधानी के हजारों मंदिरों में भेजा जाएगा।
बंसल ने बताया कि 17 नवंबर तक चलने वाले हनुमान चालीसा के कार्यक्रमों में विहिप एवं श्रीहनुमत शक्ति जागरण समिति के कार्यकर्ता राम जन्मभूमि के लिए संकल्प लेने के बाद महावीरी को राजधानी वासियों के बीच बांटेंगे। अयोध्या के श्रीहनुमान गढ़ी में पूजित महावीरी के प्रसाद की देशभर में बड़ी मान्यता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications