डाउ केमिकल्स पर प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री श्रीकांत जेना ने गुरुवार को कहा, "यूनियन कार्बाइड से डाउ केमिकल्स में परिवर्तित हुई कंपनी पर प्रतिबंध लगाने या काली सूची में डालने का कोई प्रस्ताव नहीं है।"
लोकसभा में एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा, "रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग के पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।"
भोपाल में वर्ष 1984 में 2-3 दिसंबर की रात को यूनियन कार्बाइड के कीटनाशक संयंत्र में जहरीली गैस का रिसाव होने से कम से कम 3,500 लोगों की तत्काल मौत हो गई थी और हजारों लोग गैस से बुरी तरह प्रभावित हुए थे।
बाद में यूनियन कार्बाइड का डाउ केमिकल्स ने अधिग्रहण कर लिया था।
जेना ने कहा कि रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग ने मामले की सुनवाई कर रहे जबलपुर उच्च न्यायालय में घोषणापत्र दायर करके मांग की है कि डाउ केमिकल्स और अन्य पर दायित्व तय किए जाएं।
इस मामले में दायर याचिका में यूसीआईएल, यूनियन कार्बाइड कार्पोरेशन अमेरिका और एवररेडी इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड के खिलाफ भी आरोप लगाए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications