उज्जैन में पोषाहार में निकली छिपकली
उज्जैन, 19 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में आंगनवाड़ी केंद्रों द्वारा वितरित किए जाने वाले पोषाहार में कीड़े-मकोड़े मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। उज्जैन में गुरुवार को एक आंगनवाड़ी केंद्र के पोषाहार पैकेट में छिपकली मिली है।
जिलाधिकारी एम. गीता ने पोषाहार पैकेट को जब्त कर जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक वार्ड संख्या-एक के आंगनबाड़ी केंद्र में आए पोषाहार के पैकेट में छिपकली निकली है। जिलाधिकारी ने पैकेट में छिपकली मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के सभी पोषाहार पैकेटों को जब्त कर लिया गया है।
जिलाधिकारी के मुताबिक यह पोषाहार छह माह से तीन साल की आयु तक के बच्चों को बांटा जाता है। पैकेट में छिपकली मिलने की घटना से विभाग के प्रमुख सचिव एवं संचालक को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जिला महिला बाल विकास अधिकारी तथा अपर कलेक्टर से कराई जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications