राष्ट्रमंडल खेल : सभी काम सरकार के हाथ में (राउंडअप)
उधर सीजीएफ अध्यक्ष माइक फेनेल और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भ्रष्टाचार के मामलों को गंभीरता से लेने की बात कही। सोनिया और फेनेल ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पहली बार अपनी राय जाहिर की।
सरकार ने आयोजन और तैयारियों की देखरेख के लिए एक समिति गठित कर उसके सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा कर दिया है। उधर केंद्रीय खेल मंत्री मनोहर सिंह गिल ने राज्यसभा में कहा कि इसी हफ्ते आयोजन संबंधी तैयारियों के मुद्दे पर इस काम से जुड़े तमाम मंत्रियों और अधिकारियों के साथ विशेष बैठक करने वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अगले हफ्ते खेल आयोजन स्थलों का दौरा करने के आसार हैं।
केंद्र सरकार ने खेलों की तैयारियों की देखरेख के लिए जो समिति गठित की है उसमें संयुक्त और अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारियों को जगह दी गई है। इनकी नियुक्ति खुद कैबिनेट सचिव ने की है। प्रत्येक अधिकारी को एक स्टेडियम की जिम्मेदारी दी गई है। इनका काम यह सुनिश्चित करना होगा कि खेलों से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी हो जाएं। इस संबंध में इन अधिकारियों को कैबिनेट सचिव को रिपोर्ट भेजनी होगी।
समिति में शामिल सदस्य :
-सुबोध कुमार (अतिरिक्त सचिव) : इन पर तमाम विभागों के बीच संवाद बनाए रखने की जिम्मेदारी है।
-आर.सी. मिश्रा : इन्हें इंदिरा गांधी स्टेडियम और शहरी विकास मंत्रालय से जुड़े कार्यो की जिम्मेदारी मिली है।
-एस.आर. राव (अतिरिक्त सचिव) : यह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जारी कार्य देखेंगे।
-शशि शेखर : इन्हें दिल्ली विश्वविद्याल परिसर में स्थित आयोजन स्थलों की जिम्मेदारी मिली है।
-गोपाल कृष्ण : मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम और त्यागराज स्टेडियम में जारी तैयारी पर नजर रखेंगे।
-रोहित नंदन : इन्हें आरके खन्ना टेनिस परिसर और सिरी फोर्ट कॉम्पलेक्स की जिम्मेदारी मिली है।
-अमरजीत सिंह : यह यमुना खेल परिसर का ध्यान रखेंगे।
गिल ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री अगले हफ्ते आयोजन स्थलों का दौरा कर सकते हैं। गिल ने कहा, "राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के अध्यक्ष माइक फेनेल ने सभी आयोजन स्थलों का जायजा लिया है और मैं आशा करता हूं कि खुद प्रधानमंत्री अगले हफ्ते आयोजन स्थलों पर जारी तैयारी को देखने जाएंगे।"
आयोजन स्थलों पर जारी कार्यो से जुड़े सवाल के जवाब में गिल ने कहा कि कई आयोजन स्थल तैयार हैं और कई पर मामूली काम बाकी रह गया है। गिल ने कहा कि स्टेडियमों में जारी कार्यो को लेकर चीफ टेक्निकल एक्जामिनर आर्गेनाइजेशन (सीटीईओ) और केंद्रीत सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने मुआयना किया है लेकिन उसे प्राथमिक स्तर का माना जा सकता है।
गिल ने कहा, "सीटीईओ ने स्टेडियमों का दौरा किया है। उसके द्वारा जताई गई चिंताओं पर संबंधित विभागों ने प्रतिक्रिया जाहिर की है। इस संबंध में काम चल रहा है। आगे सीटीईओ फिर स्टेडियमों का मुआयना कर जरूरी दिशानिर्देश दे सकती है। उसके दूसरे चरण के मुआयने के बाद ही निर्माण कार्यो को लेकर अंतिम रूप से रिपोर्ट तैयार की जाएगी।"
सोनिया ने कहा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा :
सोनिया ने आयोजन समिति पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि जो लोग इस अनियमितता में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ खेलों के बाद कार्रवाई की जाएगी। सोनिया ने साफ शब्दों में कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।
सोनिया ने राष्ट्रमंडल खेलों को 'राष्ट्रीय सम्मान का विषय' करार दिया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी राजनीति पार्टी या फिर व्यक्ति से नहीं जुड़ा है। बकौल सोनिया, "यह हमारे देश के सम्मान से जुड़ा है। इसे सफल बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए। जो लोग खेलों के आयोजन से जुड़े भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाएंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ खेलों के बाद कार्रवाई होगी।"
तैयारियों से संतुष्ट नहीं दिखे फेनेल :
बुधवार और गुरुवार को सभी प्रमुख आयोजन स्थलों का दौरा करने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री जयपाल रेड्डी से मिलने वाले फेनेल ने गुरुवार शाम को पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़ी भ्रष्टाचार की खबरों से वह चिंतित हैं और इसे लेकर भारत सरकार को आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
फेनेल ने कहा, "सभी आयोजन स्थल तैयार हैं लेकिन कुछ एक की स्थिति अच्छी नहीं है। वहां तेजी से और स्तरीय काम करने की जरूरत है। कई जगह जो निर्माण कार्य किए गए हैं, वे और भी बेहतर हो सकते थे। मसलन, खेल गांव के अपार्टमेंट बढ़िया हैं लेकिन उन्हें और बेहतर बनाया जा सकता था। आयोजन स्थलों के आसपास के इलाकों को सुंदर बनाने की दिशा में अभी काफी काम बाकी है।"
फेनेल तैयारियों को लेकर पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिखे। फेनेल ने कई स्थानों पर तैयारियों को उम्मीद के मुताबिक बताया लेकिन कई जगहों पर उन्होंने तेजी से और स्तरीय काम करने पर जोर दिया। फेनेल ने खान-पान, सफाई, यातायात, सुरक्षा और तकनीकी मुद्दों को लेकर ढेरों सलाह आयोजन समिति को दिए। फेनेल ने कहा कि उनका दो दिवसीय भारत दौरा इसी मकसद के लिए था कि वह तैयारियों को लेकर अपनी राय बेबाकी और स्पष्ट तौर पर रख सकें, जिससे कि आयोजकों को अपने अब तक के काम का विश्लेषण करने का मौका मिले।
फेनेल ने कहा कि भारत सरकार को मुख्य रूप से खानपान और सफाई से जुड़े मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए क्योंकि राष्ट्रमंडल महासंघ में शामिल अधिकांश देशोंे के खिलाड़ी और अधिकारी काफी सफाई पसंद होते हैं। फेनेल ने कहा, "मैं चाहता हूं कि भारत सरकार आने वाले मेहमानों को स्तरीय भोजन और पानी उपलब्ध कराए। खेल गांव के अतिरिक्त सभी आयोजन स्थलों पर उच्चकोटि का भोजन और पानी उपलब्ध रहना चाहिए। यह देश के सम्मान की बात है और इसे लेकर किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। साथ ही मैं दिल्ली की यातायात व्यवस्था को लेकर भी चिंतित हूं। सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि खिलाड़ी आयोजन स्थलों तक समय से और सुरक्षित पहुंचें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications