हिमाचल में बस खाई में गिरी, 19 की मौत (लीड-1)
शिमला, 19 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी के निकट गुरुवार को एक निजी बस के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई।
राज्य में 24 घंटे की भीतर यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है।
पुलिस उपाधीक्षक बद्री सिंह ने आईएएनएस को दुर्घटना-स्थल से फोन पर बताया कि शरौंता से शिमला जा रही बस यहां से करीब 45 किलोमीटर दूर चैला के निकट सनाई गांव में कोटखाई-थियोग मार्ग पर शाम लगभग 4.30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि घायलों को थियोग के सिविल अस्पताल और शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राहत कर्मियों ने कहा कि जहां दुर्घटना हुई, वह सड़क हाल में हुई बारिश के कारण बुरी तरह टूट गई है। उन्होंेने कहा कि दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि बस काफी गहरी खाई में गिरी है।
उन्होंेने बताया कि दुर्घटना-स्थल पर सबसे पहले स्थानीय ग्रामीण पहुंचे और उन्होंने राहत कार्य शुरू किया।
अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना के कारण का अभी पता नहीं चल सका है।
राज्यपाल उर्मिला सिंह, मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं विपक्ष की नेता विद्या स्टोक्स ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
इससे पहले बुधवार की शाम मंडी जिले में लोगों से खचाखच भरे एक ट्रक के खाई में गिर जाने से 22 महिलाओं एवं नौ बच्चों सहित 38 लोगों की मौत हो गई थी और इतने ही लोग घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications