राष्ट्रमंडल खेल : कलमाडी के पर कतरे गए, पीएम कर सकते हैं दौरा
इस बीच, केंद्रीय खेल मंत्री मनोहर सिंह गिल ने राज्यसभा में कहा कि इसी हफ्ते आयोजन संबंधी तैयारियों के मुद्दे पर इस काम से जुड़े तमाम मंत्रियों और अधिकारियों के साथ विशेष बैठक करने वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अगले हफ्ते खेल आयोजन स्थलों का दौरा करने के आसार हैं।
केंद्र सरकार ने खेलों की तैयारियों की देखरेख के लिए जो समिति गठित की है उसमें संयुक्त और अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारियों को जगह दी गई है। इनकी नियुक्ति खुद कैबिनेट सचिव ने की है।
प्रत्येक अधिकारी को एक स्टेडियम की जिम्मेदारी दी गई है। इनका काम यह सुनिश्चित करना होगा कि खेलों से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी हो जाएं। इस संबंध में इन अधिकारियों को कैबिनेट सचिव को रिपोर्ट भेजनी होगी।
समिति में शामिल सदस्य :
-सुबोध कुमार (अतिरिक्त सचिव) : इन पर तमाम विभागों के बीच संवाद बनाए रखने की जिम्मेदारी है।
-आर.सी. मिश्रा : इन्हें इंदिरा गांधी स्टेडियम और शहरी विकास मंत्रालय से जुड़े कार्यो की जिम्मेदारी मिली है।
-एस.आर. राव (अतिरिक्त सचिव) : यह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जारी कार्य देखेंगे।
-शशि शेखर : इन्हें दिल्ली विश्वविद्याल परिसर में स्थित आयोजन स्थलों की जिम्मेदारी मिली है।
-गोपाल कृष्ण : मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम और त्यागराज स्टेडियम में जारी तैयारी पर नजर रखेंगे।
-रोहित नंदन : इन्हें आरके खन्ना टेनिस परिसर और सिरी फोर्ट कॉम्पलेक्स की जिम्मेदारी मिली है।
-अमरजीत सिंह : यह यमुना खेल परिसर का ध्यान रखेंगे।
गिल ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री अगले हफ्ते आयोजन स्थलों का दौरा कर सकते हैं। गिल ने कहा, "राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) के अध्यक्ष माइक फेनेल ने सभी आयोजन स्थलों का जायजा लिया है और मैं आशा करता हूं कि खुद प्रधानमंत्री अगले हफ्ते आयोजन स्थलों पर जारी तैयारी को देखने जाएंगे।"
आयोजन स्थलों पर जारी कार्यो से जुड़े सवाल के जवाब में गिल ने कहा कि कई आयोजन स्थल तैयार हैं और कई पर मामूली काम बाकी रह गया है। गिल ने कहा कि स्टेडियमों में जारी कार्यो को लेकर चीफ टेक्निकल एक्जामिनर आर्गेनाइजेशन (सीटीईओ) और केंद्रीत सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने मुआयना किया है लेकिन उसे प्राथमिक स्तर का माना जा सकता है।
गिल ने कहा, "सीटीईओ ने स्टेडियमों का दौरा किया है। उसके द्वारा जताई गई चिंताओं पर संबंधित विभागों ने प्रतिक्रिया जाहिर की है। इस संबंध में काम चल रहा है। आगे सीटीईओ फिर स्टेडियमों का मुआयना कर जरूरी दिशानिर्देश दे सकती है। उसके दूसरे चरण के मुआयने के बाद ही निर्माण कार्यो को लेकर अंतिम रूप से रिपोर्ट तैयार की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications