भोपाल त्रासदी से उचित ढंग से नहीं निपटा गया : सोनिया
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बाद की सरकारों द्वारा भोपाल गैस त्रासदी से उचित ढंग से न निपटे जाने का संकेत देते हुए गुरुवार को कहा कि भविष्य में मानवीय चूक से होने वाली ऐसी त्रासदियों से बचने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए।
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा, "भोपाल गैस त्रासदी के मसले पर मैं सबसे पहले यह स्वीकार करना चाहती हूं कि बाद की सरकारों ने इस आपदा से उचित ढंग से नहीं निपटा।...लेकिन हम अतीत के बंदी बनकर नहीं रह सकते। हमें भविष्य की ओर देखना होगा और हमने अतीत में क्या किया, इस बारे में सोचने की बजाए हम क्या कर सकते हैं, इस बारे में सोचना होगा।"
उन्होंने कहा कि मंत्रिसमूह ने भोपाल गैस त्रासदी का एजेंडा तैयार किया है जिसके तहत पीड़ितों का मुआवजा बढ़ाया गया, चिकित्सा सुविधाएं कारगर बनाई गईं, अदालती फैसलों की समीक्षा की गई तथा कचरा निपटान, विकार मिटाने तथा सुधार संबंधी गतिविधियों को अंतिम रूप दिया गया।
सोनिया ने कहा कि एक भी पीड़ित न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रणाली को दुरूस्त किया जाना भी उतना ही जरूरी है जो यह सुनिश्चित कर सके कि भोपाल जैसी त्रासदी दोबारा न होने पाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications