चण्डीगढ़ कार दुर्घटना मामले में दूसरी लड़की की तलाश
पुलिस के मुताबिक अमानत बरार (19) ने मंगलवार की कार रेस के दौरान सुखविंदर सिंह (21) और उनके पांच वर्षीय चचेरे भाई हरप्रीत सिंह को कुचल दिया था। घटना के कुछ समय बाद ही अमानत ने बुधवार शाम को पुलिस के सामने आत्मसर्पण कर दिया था और दो घंटे में ही उसे जमानत मिल गई।
पुलिस का कहना है कि घटना के वक्त कार की अगली सीट पर एक अन्य युवती भी अमानत के साथ बैठी थी।
पुलिस उपाधीक्षक (मध्य) जगबीर सिंह ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया, "अमानत कार चला रही थी। हम इस बात पर नहीं सोच रहे हैं कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति सीधे तौर पर शामिल हो सकता है। गवाह ने दावा किया है कि एक अन्य महिला भी कार में मौजूद थी। हम उसकी तलाश कर रहे हैं।"
चिकित्सा विशेषज्ञों का हालांकि कहना है कि गिरफ्तारी में देरी होने से महिला के घटना के वक्त शराब पीने की पुष्टि होने में काफी मुश्किल आएगी।
गौरतलब है कि यह घटना चण्डीगढ़ में उच्च सुरक्षा वाले इलाके में हुई थी। कार सेवानिवृति लेफ्टीनेंट कर्नल जी.एस.बरार की है जो अमानत के दादा हैं। अमानत अमेरिका में पढ़ती है और वह यहां अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आई थी। उस पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस हादसे के शिकार सुखविंदर और हरप्रीत सिंह चण्डीगढ़ के निकट कंसल गांव के निवासी थे और वे एक अस्पताल से अपनी मां के लिए दवाइयां लेकर वापस लौट रहे थे। सुखविंदर सिंह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था जबकि हरप्रीत एक स्कूल में छात्र था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications