पाकिस्तान ने सीमा पर मोर्टार दागे, संघर्ष विराम का उल्लंघन (लीड-3)
जम्मू,19 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार तड़के संघर्ष विराम का एक बार फिर से उल्लंघन कर नियंत्रण रेखा पर मोर्टारों से गोलाबारी की। इस पर भारतीय जवानों को भी जवाबी कार्रवाई करने के लिए विवश होना पड़ा लेकिन इस गोलाबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सवेरा होने तक सरहद पर फिर से शांति हो गई।
दोनों देशों के बीच पिछले सात साल से जारी संघर्ष विराम के उल्लंघन की यह एक बड़ी घटना है।
अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तानी फौज पर जम्मू क्षेत्र के पुंछ जिले में मशीनगनों तथा मोर्टारों से जबरदस्त गोलाबारी की जिसके जवाब में भारतीय जवानों को गोलीबारी करनी पड़ी।
यह गोलीबारी पुंछ के मेंढर क्षेत्र की क्रांति, घोड़ा और कृपाण चौकियों पर की गई। सेना के सूत्रों ने आईएएनएस को बताया, "गोलीबारी रात साढ़े बारह बजे शुरू हुई और तीन घंटे से ज्यादा समय तक चली। भारतीय सेना ने भी इसकी जवाबी कार्रवाई की।"
अधिकारियों ने बताया कि भीषण गोलाबारी होने के बावजूद कोई भारतीय इसमें घायल नहीं हुआ। भारतीय सेना के अधिकारी इस मसले को पाकिस्तानी समकक्षों के सामने उठा सकते हैं।
भारत-पाक सीमा पर संघर्ष विराम का अक्सर उल्लंघन होता रहता है लेकिन गुरुवार को मोर्टारों से जबरदस्त गोलाबारी की गई।
भारतीय सूत्रों का कहना है कि यह स्पष्ट तौर पर पाकिस्तान का ऐसे समय नियंत्रण रेखा पर तनाव बढ़ाने का प्रयास है जबकि घाटी में व्यापक विरोध प्रदर्शन और हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। सेना चाहती है कि नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय यह मसला पाकिस्तान के साथ उच्चतम स्तर पर उठाए। दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम 2003 में हुआ था। भारत और पाकिस्तान के बीच तीन युद्ध हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications