ओबामा को मुसलमान मानता है हर पांचवां अमेरिकी
ओबामा को एक मुस्लिम के रूप में जानने वालों की तादाद उनके शपथ लेने के बाद तेजी से बढ़ी है। सिर्फ 34 फीसदी अमेरिकी नागरिकों को सही ढंग से पता है कि ओबामा का ताल्लुक ईसाई धर्म से है।
सर्वेक्षण एजेंसी 'पेव रिसर्च सेंटर' की ओर से कराए गए एक ताजे सर्वेक्षण में कहा गया है, "ओबामा को मुसलमान मानने वालों में 60 फीसदी का कहना है कि उन्हें ओबामा के धर्म के बारे में मीडिया से जानकारी मिली है।"
दिलचस्प बात है कि ओबामा के धर्म के बारे में यह सर्वेक्षण ग्राउंड जीरो पर इस्लामी सांस्कृतिक केन्द्र और एक मस्जिद के निर्माण के संदर्भ में उनके बयान देने से पहले किया गया। ओबामा ने इस निर्माण के पक्ष में अपना समर्थन दिया था।
इस सर्वेक्षण में 41 फीसदी लोगों ने बतौर राष्ट्रपति ओबामा के अब तक के काम को नापसंद किया है। वर्ष 2009 में उनके काम पर नाखुशी जाहिर करने वालों की तादाद 26 फीसदी थी।
अब एक तिहाई से अधिक दक्षिणपंथी रिपब्लिकन कहते हैं कि ओबामा मुसलमान हैं जबकि पिछले साल रिपब्लिकन पार्टी के आधे दक्षिणपंथियों ने इस तरह की राय रखी थी। यही नहीं स्वतंत्र विचार रखने वालों में भी ओबामा को मुसलमान मानने वालों की संख्या बढ़ी है। इनमें 18 फीसदी लोग मानते हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति का धर्म इस्लाम है।
व्हाइट हाउस के धार्मिक मामलों के सलाहकार जोशुआ डुब्वॉयस ने इस सर्वेक्षण को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के राजनीतिक विरोधी उनके बारे में इस तरह के दुष्प्रचार फैला रहे हैं।
गौरतलब है कि ओबामा केन्याई मूल के पिता और अमेरिकी मां के संतान हैं हालांकि उनकी पूरी परवरिश ननिहाल में हुई है। ओबामा ने भी अपनी जीवनी में यह बात कही है कि उनके दादा हुसैन ओनियांगो ओबामा एक मुसलमान थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications