भारत के मदद के प्रस्ताव पर पाकिस्तान ने आभार जताया
डॉन समाचार पत्र के मुताबिक अमेरिका दौरे पर आए कुरैशी ने बुधवार को कहा कि भारत ने बाढ़ पीड़ितों के राहत कार्य के लिए 50 लाख डॉलर की मदद देने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने इस प्रस्ताव के लिए भारत के प्रमुख कूटनीतिज्ञों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि भारतीय विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने न्यूयार्क में उन्हें फोन किया।
पाकिस्तान को मदद के इस प्रस्ताव की घोषणा 13 अगस्त को ही कर दी गई थी लेकिन इस प्रस्ताव को लेकर पाकिस्तान अब तक अनिश्चय की स्थिति में रहा।
इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग द्वारा जारी बयान के मुताबिक कृष्णा ने पाकिस्तान के लोगों पर आपदा के इस समय में मदद के इस प्रस्ताव को सहिष्णुता का कदम बताया है।
सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी विदेश मंत्री भारत के इस प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हमने प्रस्ताव को अस्वीकार नहीं किया है इस विषय में जल्द ही कोई फैसला लिया जाएगा।"
पाकिस्तान अपने इतिहास की सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। इस बाढ़ में 1,600 लोगों की मौत हो गई है और करीब दो करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications