कश्मीर में बच्चे की मौत, मरने वालों की संख्या 60 हुई
शनिवार को अनंतनाग जिले के हरनाग गांव में मिल्लत अहमद डार नाम के आठ वर्षीय बच्चे को खेलते समय गोली लगी थी। यह गोली काफी दूर से चली थी।
अपना नाम न बताते हुए एक स्थानीय निवासी ने कहा, "बच्चा किसी भीड़ में शामिल नहीं था। वह खुलगांव जिले के वानपोरा गांव से अपनी मां के गांव आया था।"
उन्होंने कहा, "गोली कहीं और से चली थी। यह गोली किसी मासूम की ही जान लेना चाहती थी।"
खबरों के मुताबिक शनिवार को हरनाग गांव में एक भीड़ ने सुरक्षाबलों की एक कार और एक अन्य वाहन पर हमला किया था। तब सुरक्षाबलों ने हवा में गोलियां चलाईं थीं।
दक्षिण कश्मीर में इस बच्चे की मौत की खबर फैलने से तनाव बढ़ गया है। अधिकारियों ने कोईमोह और अनंतनाग जिले के कस्बों में कर्फ्यू लगा दिया है।
इसके अलावा श्रीनगर और उत्तर कश्मीर के सोपोर कस्बे में भी कर्फ्यू लगाया गया है और बारामूला, हंदवाड़ा, कुपवाड़ा और पुलवामा कस्बों में प्रतिबंध सख्त किए गए हैं।
अलगाववादी हुर्रियत समूह के प्रमुख सैय्यद अली गिलानी ने एक बार फिर बंद की घोषणा की है। घाटी के सभी बड़े शहरों में दुकानें, बाजार, शिक्षण संस्थान, बैंक, पोस्ट ऑफिस और यातायात के साधन पूरी तरह से बंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications