पुलिस इंस्पेक्टर ने उमर अब्दुल्ला पर जूता फेंका
श्रीनगर। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान एक पुलिस सब इंस्पेक्टर ने अपनी राज्य की व्यवस्था पर भड़ास निकालते हुए रविवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर जूता फेंका। इस घटना के तुरंत बाद इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह घटना तब हुई जब ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जनता को संबोधित कर रहे थे। संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री राज्य के हालात पर चर्चा कर ही रहे थे कि वहां मौजूद एक सब इंस्पेक्टर ने पहले काला झंडा दिखाया और फिर उन पर जूता फेंक दिया। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया और सुरक्षाबलों ने तुरंत उस सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
उमर बोले कोई बात नहीं
इस घटना के बावजूद उमर अब्दुल्ला ने अपना भाषण जारी रखा और कहा, "कोई बात नहीं। इंस्पेक्टर ने विरोध जताने के लिए जूता तो फेंका है पत्थर तो नहीं फेंका।" उन्होंने कहा पत्थरबाजी से भारी क्षति होती है, लिहाजा लोग ऐसा न करें। लोग अगर पत्थर की जगह जूता फेंकें तो कोई बात नहीं। क्योंकि रोजाना घाटी में पत्थरबाजी से खासा नुकसान होता है। यही नहीं प्रदर्शनकारियों में जल्दी उबाल भी आ जाता है।
गौरतलब है कि घाटी में आए दिन हिंसा के कारण लोगों में राज्य सरकार के प्रति खासा आक्रोश व्याप्त है। हम आपको बता दें कि इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश, चीन के प्रधानमंत्री जियाबाओ, गृहमंत्री पी चिदंबरम और पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी पर जूते फेंके जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications