ढाका में गैस स्टेशन होंगे बंद

बांग्लादेश की सरकार ने बिजली की कमी से निपटने के लिए राजधानी ढाका के अंदर और बाहर प्राकृतिक गैस के फ़िलिंग स्टेशनों को आंशिक रूप से बंद करने के आदेश दिए हैं.
ढाका के अंदर और बाहर सभी गैस भराई के स्टेशन 16 अगस्त से हर दिन छह घंटे के लिए बंद रहेंगे. ये सिलसिला लगभग एक महीने तक चलेगा.
दरअसल पिछले कई सालों से बांग्लादेश बिजली की भीषण कमी से जूझ रहा है जिससे लोगों के घर-बार और व्यवसाय पर भारी असर पड़ रहा है.
पिछले कुछ सालों में बांग्लादेश के प्रशासन ने बिजली की लगातार बढ़ रही कमी से निपटने के कई कदम उठाए हैं. उदाहरण के तौर पर, इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश ने लोगों को दिन में पाँच घंटे के लिए एयर कंडीशनर बंद करने के आदेश दिए गए थे.
उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब सरकार ने प्राकृतिक गैस भराई के स्टेशनों को रोज़ छह घंटे के लिए बंद करने का आदेश दिया है.
ये स्टेशन उन वाहनों को गैस मुहैया कराते हैं जो प्राकृतिक गैस से चलते हैं.
प्रशासन को उम्मीद है कि ऐसा करने से जितनी गैस की बचत होगी वो उन बिजलीघरों में बिजली उत्पादन बढ़ाने में काम आएगी जो गैस की मदद से चलते हैं.
लेकिन अभी तक ये साफ़ नहीं हो पाया है कि इस कदम से बांग्लादेश की बढ़ती बिजली की समस्या में कोई सुधार आ पाएगा कि नहीं, क्योंकि बांग्लादेश में हर दिन 2000 मेगावॉट बिजली की कमी रहती है.
यानि बांग्लादेश में लोगों को जितनी बिजली की ज़रूरत होती है उससे एक तिहाई बिजली उन्हें कम ही मिल पाती है.
हाल ही के दिनों में , लगातार बिजली की कटौती से ग़ुस्साए लोगों ने सड़कें जाम कर दी थीं और लोकल बिजली के दफ़्तरों में लूट-पाट तक की थी.
इसलिए प्रशासन चाहता है कि वो रमज़ान के महीने के दौरान बिजली में कटौती ना होने दे ताकि आगे कोई विरोध प्रदर्शन न हो सके.
सरकार ने सभी स्कूलों, मदरसों और विश्वविद्यालयों को एक महीने के लिए बंद रखने का भी फ़ैसला किया है जिससे रमज़ान में ट्रैफ़िक जाम न हो.
अधिकारी इस बात पर ज़ार दे रहे हैं कि उन्होंने लंबे समय से बिजली में कमी से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं लेकिन अब उनके सामने ज़्यादा विकल्प नहीं बचे हैं.












Click it and Unblock the Notifications