वोट पाने की बजाए जनता का दिल जीतना हो लक्ष्य : वरुण
लखनऊ स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में वरुण ने कहा, "हमें वोट के पीछे भागने के बजाए लोगों का विश्वास जीतने के लिए गंभीर प्रयास करने चाहिए।"
उन्होंने कहा, "मेरा हमेशा से लक्ष्य रहा है कि लोगों का विश्वास जीता जाए..अगर आप जनता का विश्वास जीत लोगे..तो वोट तो अपने आप मिल जाएगा। राजनीति में विश्वास बहुत महत्वपूर्ण है।"
एकदिवसीय दौरे पर वरुण बुधवार दोपहर लखनऊ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 85 वर्षीय बुजुर्ग कार्यकर्ता राम कुमार सिंह उर्फ काका से उनके घर जाकर मुलाकात की। काका ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी को पहली बार बलरामपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के दौरान बहुत मदद की थी।
काका से मुलाकात के बाद वरुण ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि कि वे हर जिले में पार्टी के ऐसे सभी कार्यकर्ताओं की पहचान करें जिसने अपने जीवन का अमूल्य समय भाजपा को मजबूत बनाने में खर्च किया और आज वे किन्हीं कारणों से गरीबी और दरिद्रता में अपना जीवन गुजार रहे हैं।
उन्होंने कहा, "पार्टी केवल सत्ता पाने का यंत्र नहीं होती..पार्टी एक परिवार की तरह होती है और हम अपने सभी बुजुर्ग कार्यकर्ताओं को घर के बड़ों की तरह सम्मान दें और सुनिश्चति करें कि उन्हें जीवन में कोई परेशानी न उठानी पड़े।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications