बिहार में सूखे का जायजा लेगा केंद्रीय दल
पटना, 11 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में सूखे का जायजा लेने के लिए बुधवार को एक केंद्रीय दल बिहार के दौरे पर है। इस दल में शामिल अधिकारी सूखा प्रभावित कुछ जिलों का दौरा करेंगे।
आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार केन्द्रीय दल का नेतृत्व कर रहे केंद्रीय कृषि मंत्रालय के संयुक्त सचिव पंकज कुमार मंगलवार को ही पटना पहुंच गए।
अधिकारी के मुताबिक केंद्रीय दल में शामिल अधिकारी तीन भागों में बंटकर सूखाग्रस्त जिलों का जायजा लेगी। इसके बाद राज्य के मुख्य सचिव अनुप मुखर्जी से मिलकर पूरी स्थिति की समीक्षा करेगी। इसके बाद दल के लोगों को मुख्यमंत्री से भी मिलने की संभावना है।
राज्य सरकार ने बारिश नहीं होने तथा किसानों द्वारा खेतों में धान के बीज नहीं डाल पाने के कारण राज्य के 38 जिलों में से 28 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को 5062 करोड़ की मदद का प्रस्ताव बनाकर सौंप दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलकर मदद की गुहार लगायी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications