एंडरसन ने पूछा था, सीएम क्यों नहीं आए लेने : अर्जुन सिंह (लीड-1)
राज्यसभा में भोपाल गैस त्रासदी पर बहस में हिस्सा लेते हुए अर्जुन सिंह ने कहा, "मैनें आधिकारियों को एंडरसन को गिरफ्तार करने का लिखित आदेश दिया था।"
अर्जुन सिंह ने कहा कि त्रासदी के बाद भोपाल पहुंचे एंडरसन का व्यवहार हेकड़ी भरा था। सिंह ने कहा, "किसी ने मुझे बताया कि एंडरसन भोपाल आ रहा है। मैंने उसकी इस धृष्टता की कल्पना भी नहीं की थी, वह जानता था कि उसकी फैक्ट्री के कारण इतनी बड़ी त्रासदी हुई है और वह भोपाल आ रहा था, आखिर क्यों? उसी समय मैनें निर्णय लिया कि विमान से उतरते ही एंडरसन को गिरफ्तार किया जाए। तब पुलिस अधीक्षक ने उसे हिरासत में ले लिया और उसके ही रेस्टहाउस में उसे हिरासत में रखा। पुलिस अधीक्षक को भी एंडरसन की इस बात से आश्चर्य हुआ जब उसने पूछा कि 'सीएम मुझे लेने क्यों नहीं आए?' इस बात से आप उसकी धृष्टता की कल्पना कर सकते हैं।"
सिंह ने एंडरसन को भोपाल से जाने देने के निर्णय का बचाव करते हुए कहा, "यह मेरी जिम्मेदारी थी कि उसे कोई शारीरिक चोट न पहुंचे। मैं जानता था कि यदि वह लोगों के हाथों में पड़ गया तो लोग उसे सबसे करीब के खंभे पर लटका देंगे।"
अर्जुन सिंह ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी से बात करने के लिए जब उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय में टेलीफोन किया तब वह दौरे पर गए थे।
सिंह ने कहा कि 6 दिसंबर 1984 को गांधी के भोपाल के दौरे के दौरान उनसे अपने इस्तीफे की पेशकश की थी।
अर्जुन सिंह ने कहा, "लेकिन राजीव जी ने इस्तीफा लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित लोगों को राहत उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications