राजौरी में आतंकी हमले में महिला की मौत, घाटी में कर्फ्यू (राउंडअप)

सैन्य सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने थाना मंडी इलाके की डेरा-की-गली में सुबह सेना के वाहनों और एक यात्री बस पर हमला कर दिया। यह इलाका जम्मू से 190 किलोमीटर उत्तर में है।

नगरोटा स्थित सेना की 16वीं कोर के मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "आतंवादियों ने सेना के तीन वाहनों और एक यात्री बस पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इसमें दो सैनिक घायल हो गए"

इस हमले में मारी गई महिला की शिनाख्त किरण बाला के रूप में हुई है। वह पुंछ की रहने वाली थी। आतंकियों की गोलीबारी में कई यात्री घायल हो गए। अधिकारी ने कहा कि जवानों ने जवाबी गोलीबारी नहीं की।

अधिकारी ने कहा, "हम किस पर जवाबी गोलीबारी करते। आतंकवादी घने मक्के के खेत छिपे हुए थे।" मक्कों के पौधों की ऊंचाई छह फुट से अधिक है। इस कारण तलाशी अभियान में भी दिक्कत आ रही है।

लेकिन थाना मंडी के एक निवासी मोहम्मद बशीर ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "यात्री बस, सेना और आतंकियों के बीच गोलीबारी में फंस गई थी।"

बशीर के अनुसार महिला की मौत सेना द्वारा की गई गोलीबारी के कारण हुई, लेकिन सेना इससे इंकार कर रही है। एक अधिकारी ने कहा, "हमारी गोलीबारी का निशाना तो आतंकियों की ओर से आ रही गोलियों की ओर था।"

इस इलाके में इस तरह की आतंकी घटना एक लंबे समय बाद सामने आई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "यह इस बात का संकेत है कि आतंकी इस इलाके में फिर से सक्रिय होने लगे हैं।"

अधिकारी ने कहा कि चिंता की बड़ी बात यह है कि घटना थाना मंडी इलाके के करीब घटी है, जहां सेना की एक वाहिनी मौजूद रहती है।

उधर, श्रीनगर तथा घाटी के अन्य शहरों में बुधवार को फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया, जबकि अलगाववादियों ने हुर्रियत नेता शेख अब्दुल अजीज की बरसी के अवसर पर दक्षिणी कश्मीर के पाम्पोर शहर तक मार्च निकालने का आह्वान किया।

शेख अब्दुल अजीज वर्ष 2008 में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में मारे गए थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "मैसूमा और बटमालू सहित श्रीनगर के पुराने इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। दक्षिण कश्मीर के पाम्पोर, पुलवामा, काकपोरा और त्राल कस्बों में भी अलगाववादियों को हिंसा भड़काने से रोकने के लिए कर्फ्यू लगाया गया है।"

उन्होंने कहा, "उत्तर कश्मीर के सोपोर कस्बे में भी कड़े प्रबंध किए गए हैं लेकिन श्रीनगर शहर के कुछ इलाकों में ढील दी गई है।"

मंगलवार की शाम को उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में नदी से एक किशोर की लाश मिलने के बाद एक बार फिर इलाके में तनाव फैल गया।

बारामूला जिले के क्रीरी गांव के निवासी 18 वर्षीय युवक फराक बुखारी की लाश पास के गांव छोरा में नीगली नदी से बरामद हुई। बुधवार सुबह उसे सुपुर्द-ए खाक किया गया। युवक के जनाजे में हजारों लोग शामिल हुए।

युवक की मौत का कारण पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया गया था।

बुखारी के परिवारवालों और स्थानीय निवासियों का आरोप है कि 28 जुलाई को क्रीरी गांव से सुरक्षा बलों ने बुखारी को गिरफ्तार किया था, इसके बाद से वह लापता था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, "इस मामले में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है और इस युवक की हत्या करने वाले लोगों का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।"

बुखारी की मौत के बाद घाटी में 11 जून के बाद शुरू हुई हिंसा में मरने वालों की संख्या 51 हो गई है।

अलगाववादियों ने घाटी में बुधवार को लोगों से व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखकर पाम्पोर कस्बे में जुलूस निकालने की अपील की है। श्रीनगर शहर और घाटी के सभी बड़े कस्बों में बाजार और अन्य संस्थान बंद कर दिए गए हैं। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+