अपने नागरिकों की मदद के लिए अमेरिकी दल लेह दौरे पर
भारत में अमेरिकी राजदूत टिमोथी जे.रोमर ने नई दिल्ली में कहा, "नई दिल्ली स्थिति अमेरिकी दूतावास से एक दल लेह व अन्य इलाकों में फंसे अमेरिकी नागरिकों की मदद के लिए गया हुआ है।"
रोमर ने कहा, "हम इस त्रासदी से पीड़ित अमेरिकी नागरिकों की सहायता करने के लिए भारत सरकार के प्रति कृतज्ञ हैं।"
रोमर ने कहा, "अमेरिका दुख की घड़ी में हमेशा भारत के साथ मजबूती से खड़ा रहता है।" उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत सरकार और अन्य देशों की सरकारों के साथ मिल कर बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए काम कर रहा है, जिनके नागरिक इस त्रासदी से प्रभावित हुए हैं।
दूसरी ओर वाशिंगटन में अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता पी.जे.क्राउले ने कहा, "अभी तक भारत में बाढ़ के कारण लगभग 100 अमेरिकी नागरिक प्रभावित हुए हैं। हमारे पास फिलहाल किसी के मरने या घायल होने की कोई खबर नहीं हैं।"
बहरहाल, अधिकारियों ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में लद्दाख क्षेत्र के लेह कस्बे में आई इस आपदा में मरने वालों की संख्या 167 हो गई है। इसमें पांच विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इसके अलावा 200 लोग अभी भी लापता हैं।
अधिकारियों ने कहा कि भारतीय सेना और वायुसेना द्वारा राहत व बचाव अभियान में तेजी लाए जाने के परिणामस्वरूप लेह में फंसे 150 से अधिक विदेशी नागरिकों को मंगलवार को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications