बिहार में 800 से ज्यादा कर्मचारी निलंबित
पटना, 11 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के 800 से ज्यादा कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। ये सभी गैर-शिक्षण कर्मचारी हैं। पिछले 41 दिनों से चल रही इन कर्मचारियों की हड़ताल पर कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। निलंबित कर्मचारी पटना विश्वविद्यालय और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के हैं।
बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी संघ के आह्वान पर एक जुलाई से ये कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। शिक्षा विभाग के सचिव के. के. पाठक ने मंगलवार को हड़ताली कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसी आदेश के तहत पटना विश्वविद्यालय और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को निलंबित किया गया।
पटना विश्वविद्यालय के कुलसचिव मनोज कुमार ने बताया कि हड़ताल पर गए तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 205 कर्मचारियों को मंगलवार देर शाम निलंबित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रशासन विश्वविद्यालय में सामान्य स्थिति बनाने के लिए प्रयास कर रहा है।
वहीं, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलसचिव विमल कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय कार्यालय और 17 महाविद्यालयों के 602 कर्मचारियों को बुधवार को निलंबित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार हड़ताल जारी रहने की स्थिति में अन्य विश्वविद्यालयों के हड़ताली कर्मचारियों को निलंबित किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के गैर-शिक्षण कर्मचारी कर्मचारी एक जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इसके कारण विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications