गैस त्रासदी के पीड़ितों के साथ 'दगाबाजी' हुई: मुलायम
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का कहना है कि भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों के साथ हर जगह 'दगाबाजी' की गई। उन्होंने कहा कि हजारों पीड़ितों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है।
लोकसभा में भोपाल गैस त्रासदी पर नियम 193 के तहत चर्चा में भाग लेते हुए बुधवार को मुलायम ने कहा, "यह बहुत गंभीर मामला है। यह इंसानियत से जुड़ा है। इस त्रासदी में 25,000 लोग मारे गए। यह बहुत दुखद बात है कि भोपाल के हजारों पीड़ितों के साथ सबने हर जगह दगाबाजी की।"
मुलायम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों पर इस मामले को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "दोनों ओर से इस त्रासदी पर सिर्फ भाषण दिए जा रहे हैं। इस मामले के लिए तत्कालीन कांग्रेस की सरकार जिम्मेदार है तो बाद में भाजपा की सरकार ने भी कुछ नहीं किया। ये दोनों सिर्फ एक दूसरे पर आरोप मढ़ रहे हैं। पीड़ितों के लिए किसी ने कुछ नहीं किया।"
गौरतलब है कि वर्ष 1984 में भोपाल की 'यूनियन कार्बाइड' की फैक्टरी से जहरीली गैस के रिसाव से हजारों लोग मारे गए थे। उस दौरान इस कंपनी का प्रमुख वॉरेन एंडरसन अमेरिका जाने में सफल रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications