स्वतंत्रता दिवस से पूर्व छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बढ़ी
पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को आईएएनएस से कहा, "स्वतंत्रता दिवस से पूर्व नक्सलियों के हमले की साजिश की रपटों को देखते हुए राज्य के नक्सल प्रभावित 13 जिलों के खतरे की आशंका वाले इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।"
उन्होंने कहा कि 40,000 वर्ग किलोमीटर में फैले बस्तर क्षेत्र के पांच जिलों-दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर और कांकेर में हमले की सर्वाधिक आशंका है।
बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक टी.जे. लांगकुमार ने कहा कि जंगलों से लगी सड़कों पर गश्त बढ़ा दी गई है। दंतेवाड़ा और बीजापुर के जिन इलाकों में नक्सली ताकतवर हैं, वहां तलाशी अभियान शुरू किए गए हैं।
हाल के वर्षो में छत्तीसगढ़ नक्सलियों के केंद्र के तौर पर उभरा है। पिछले तीन वर्षो में राज्य में नक्सलियों के 1,948 हमले हुए, इनमें 418 नागरिक और 75 विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) सहित 435 पुलिसकर्मी मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications