दंतेवाड़ा में 70 पुलिसकर्मी लापता, मुठभेड़ जारी
दंतेवाड़ा|छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के जंगलों में बुधवार सुबह से सशस्त्र नक्सलियों और तकरीबन 100 जवानों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस घटना में करीब 70 पुलिसकर्मी लापता बताए जा रहे हैं।
पुलिस के एक सूत्र ने बताया, "करीब 70 पुलिसवाले लापता हैं।" एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "घटनास्थल पर अतिरिक्त बलों को भेजा गया है। भारी बारिश के बीच मुठभेड़ जारी है। मैं तत्काल कोई टिप्पणी नहीं कर सकता लेकिन यह एक बड़ी मुठभेड़ है। मुठभेड़ अभी तक जारी है और पुलिस मुख्यालय को विवरण अभी तक नहीं मिल सका है। हमारे जांबाज पुलिसकर्मी नक्सलियों से जमकर लोहा ले रहे हैं।"
राज्य पुलिस के मुताबिक गुमियापाल जंगलों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के कमांडर गणेश की अगुवाई में कई नक्सलियों की मौजूदगी का सुराग लगने के बाद सुबह करीब 11 बजे जिला बल (डीएफ)और विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) सहित कोया कमांडो की एक बड़ी टुकड़ी को जंगलों में भेजा गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से करीब 420 किलोमीटर दूर किरांदुल के पास गुमियापाल के घने जंगलों में नक्सलियों ने राज्य पुलिस के एक दल पर हमला कर दिया। यहां भारत के शीर्ष लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी लिमिटेड का लौह अयस्क खनन संयंत्र है।












Click it and Unblock the Notifications