पाक में भयानक बाढ़ से 30 लाख लोग प्रभावित
संयुक्त राष्ट्र बाल आपात कोष (यूनिसेफ) ने कहा है कि पाकिस्तान में पिछले 81 सालों में की इस सबसे भयावह बाढ़ में मरने वालों की संख्या 1,400 से ज्यादा हो गई है।
पाकिस्तान में यूनिसेफ के प्रतिनिधि मार्टिन मोगवांजा ने कहा, "बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। करीब 10 लाख बच्चों सहित करीब 30 लाख प्रभावित लोगों को खाना, पीने का पानी और दवाइयों की सख्त जरूरत है।"
स्वात घाटी का खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां कई गांव और दर्जनों पुल पूरी तरह बह गए हैं। भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो गई हैं।
सड़क संपर्क टूटने से हजारों सैन्य कर्मियों और स्वयंसेवकों को जिंदा बचे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में मुश्किलें आ रही है।
सेना के हेलीकॉप्टरों से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है लेकिन देश में बड़े पैमाने पर राहत सामग्री वितरित करने के लिए हेलीकॉप्टरों की संख्या बहुत कम है।
प्रांतीय आपात प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता लतीफउर रहमान ने कहा, "करीब 30,000 मकान नष्ट हो गए हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। लाखों लोग खुले आसमान के नीचे रह रहे हैं।"
रहमान ने कहा, "बहुत से इलाकों में अब तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है क्योंकि बाढ़ में 100 से ज्यादा पुल नष्ट हो गए हैं।"
संयक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ और अमेरिका सहित विभिन्न देशों ने बाढ़ प्रभावितों के लिए मदद की घोषणा की है।
राहत अभियान में लगे लोगों का कहना है कि मरने वालों की संख्या अब तक बताए गए आंकड़ों से कहीं ज्यादा हो सकती है। मरने वालों की संख्या 3,000 तक हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications