प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान विमान हादसे पर जताया शोक
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी को भेजे एक संदेश में मनमोहन सिंह ने इस हादसे में लोगों की मौत पर संवेदना प्रकट करते हुए कहा, "मुझे सुबह इस्लामाबाद के निकट हुए विमान हादसे के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा है।"
यहां जारी एक बयान में प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं सरकार और भारत की जनता की तरफ से तह-ए-दिल से दुख प्रकट करता हूं तथा आपके जरिए दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिवारों के प्रति हमदर्दी प्रकट करता हूं।"
उन्होंने कहा, "मैं इस बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। कृपया मेरी संवेदना स्वीकार करें।"
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी को भेजे एक संदेश में कृष्णा ने भारत की जनता और सरकार की ओर से पाकिस्तान सरकार और वहां की जनता, खासतौर से दुखी परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
दोनों देशों के बीच इस्लामाबाद में 15 जुलाई को हुई विदेश मंत्री स्तर की बातचीत के बाद कृष्णा ने पहली बार कुरैशी को पत्र लिखा है।
हाल में पश्चिम बंगाल में हुई रेल दुर्घटना के बाद कुरैशी ने कृष्णा को एक शोक संदेश भेजा था।
ज्ञात हो कि कराची से आ रहा एक निजी पाकिस्तानी विमानन कंपनी का विमान भारी बारिश के बीच इस्लामाबाद के पास मर्गला की पहाड़ियों में बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार सभी 152 लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications