पाकिस्तान दौरा नई शुरुआत : कृष्णा
इस्लामाबाद, 14 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को इस्लामाबाद पहुंचे विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने अपनी यात्रा को अहम बताते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच संबंधों की नई शुरुआत है।
हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद कृष्णा ने संवाददाताओं से कहा, "पाकिस्तान के लोगों के लिए मैं भारतीय जनता की शुभकामनाएं लाया हूं। एक शांतिपूर्ण, समृद्ध और स्थिर पाकिस्तान के लिए मैं शुभकामनाएं लाया हूं।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और अन्य नेताओं से वार्ता के दौरान "हम आपसी हितों और चिंताओं से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे।"
कृष्णा ने कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम द्वारा जून में पाकिस्तान यात्रा के दौरान उठाए गए सभी मुद्दों और संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से पूछताछ के संदर्भ में आतंकवाद की मूल चिंता पर चर्चा के इच्छुक हैं।
मंत्री ने कहा कि भारत सभी मुद्दों को पाकिस्तान के साथ आपसी विश्वास के साथ हल करने का इच्छुक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications