मुंबई गैस रिसाव पर मंत्रालय ने रिपोर्ट तलब की
मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है, "मुंबई बंदरगाह ट्रस्ट परिसर के हे बुंदर क्षेत्र में रखे सिलिंडरों से क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ। उस क्षेत्र में सिलिंडर रखे जाना इस बात का संकेत है कि पिछले कुछ दिनों से वहां खतरनाक वस्तुएं रखी हुई थीं।" मंत्रालय ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
बुधवार तड़के 3.30 बजे क्लोरीन गैस के रिसाव से नजदीक के लाल बहादुर शास्त्री सामुद्रिक संस्थान एवं सेवरी पुलिस थाना क्षेत्र के लगभग 59 लोग प्रभावित हुए हैं।
बयान में कहा गया है, "सभी 59 लोगों को वहां से बाहर निकाला गया है और उन्हें मुंबई के तीन अस्पतालों- पोर्ट ट्रस्ट अस्पताल, जे.जे. अस्पताल एवं के.एम.ई. अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज किया जा रहा है।"
मंत्रालय के अनुसार, "भर्ती किए गए लोगों में से सात को गहन चिकितसा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है। उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। मुंबई बंदरगाह ट्रस्ट के उपाध्यक्ष से हुई बातचीत के मुताबिक अब तक किसी के मरने की सूचना नहीं है।"
बयान के मुताबिक, "मुंबई बंदरगाह ट्रस्ट के रिकार्ड के अनुसार ये सिलिंडर खाली थे। ट्रस्ट यह पता लगाने के लिए रिकार्डो की जांच कर रहा कि बीते दिनों खतरनाक वस्तुओं के निस्तारण के लिए कोई कार्रवाई की गई थी या नहीं।"
मंत्रालय ने कहा है, "इस समय स्थिति नियंत्रण में है और ट्रस्ट के उपाध्यक्ष, यातायात प्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वहां राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications