एल एण्ड टी को ओएनजीसी से 376 करोड़ का ऑर्डर
नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण क्षेत्र की कंपनी लार्सन एण्ड टूब्रो (एल एण्ड टी) को बुधवार को सरकारी क्षेत्र की कंपनी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के समुद्र में स्थित तेल कुएं के नवीनीकरण के लिए 376 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है।
एल एण्ड टी की नई गठित शाखा फ्लोटिंग सिस्टम बिजनेस को समुद्र में स्थित इस तेल कुएं के संचालन और घरेलू एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार में उत्पादन इकाईयां लगाने के लिए एक अंतर्राष्ट्रीय बोली प्रक्रिया के तहत यह ऑर्डर मिला है।
कंपनी ने अपने एक बयान में कहा, "एल एण्ड टी की सोहर, ओमान और हजीरा में स्थित अत्याधुनिक इकाइयां और फरीदाबाद, बेंगलुरू और चेन्नई स्थित इंजीनियरिंग इकाइयां इस नई शाखा को काम करने में मदद करेंगी।"
कंपनी ने कहा कि तेल कुएं के नवीनीकरण का काम पूरा होने पर कंपनी ओएनजीसी को तेल एवं गैस का उत्पादन बढ़ाने में मदद करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications