517 सीटों वाला सुपर जंबो दिल्ली में रचेगा इतिहास
दुबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर नवनिर्मित टर्मिनल 3 पर उड़ान सेवाओं की शुरुआत अमीरात एयरलाइंस के 517 सीटों वाले एयरबस ए-380 सुपर जंबो विमान के उतरने से होगी। अमीरात सुपर जंबो की उड़ान दिल्ली में अपनी सेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर शुरू कर रही है।
इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने टर्मिनल 3 का उद्घाटन किया था। करीब 78 एयरोब्रिजों से लैस इस टर्मिनल पर छह एयरोब्रिज भारी-भरकम दोमंजिला विमानों को उतारने में सक्षम हैं।
अमीरात एयरलाइंस के पश्चिम एशिया और हिंद महासागर क्षेत्र के उपाध्यक्ष माजिद अल मौला ने कहा, "ए 380 को दिल्ली लाकर एक बार फिर हम भारतीय बाजार में मौजूद संभावनाओं को स्वीकार कर रहे हैं। इसके अलावा हमारा उद्देश्य इस देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना है।"
उन्होंने कहा, "अमीरात वर्ष 1985 से दिल्ली के लिए उड़ानों का संचालन कर रही है। देश के 10 शहरों में सप्ताह में 184 उड़ानों के संचालन के साथ 25 साल की सेवा में कंपनी ने बड़े निवेश के जरिए भारत के साथ बेहतर संबंध स्थापित किए हैं।"
सुपर जंबो की यह विशेष उड़ान दुबई से स्थानीय समय के अनुसार सुबह 10:10 बजे उड़ान भरेगी और दिल्ली में यह भारतीय समय के अनुसार दोपहर 2:40 बजे टर्मिनल 3 पर उतरेगी। इसके बाद शाम 5:50 बजे पर इसकी वापसी होगी।
विमान कंपनी ने इस विशेष उड़ान में यात्रा के लिए शुल्क सहित 9,990 रुपये की वापसी दर निर्धारित की है।
कुल 517 सीटों वाले इस विमान में पहले दर्जे के लिए फ्लैट बेड और इलेक्ट्रानिक दरवाजों वाले 14 केबिन और बिजनेस क्लास में 76 फ्लैट सीटें हैं। इसके अलावा निचले तल पर चार अलग-अलग केबिनों में इकोनॉमी क्लास की 427 सीटें हैं।
अधिकारियों के मुताबिक इस विमान में फर्स्ट और बिजनेस क्लास के दर्जे के लिए शॉवर स्पा, ड्रिंक्स के बेहतरीन रेंज और खाने-पीने के उम्दा सामानों से लैस एक लांज भी होगा। इसके अलावा बैठक के लिए बरामदेनुमा जगह भी यहां उपलब्ध होगी।
विमान में सभी यात्रियों के मनोरंजन के लिए मांग के आधार पर 1,000 चैनल, दुनियाभर की 200 फिल्में, 500 ऑडियो चैनल और 100 से ज्यादा वीडियो गेम उपलब्ध होंगे।
विमान कंपनी के पास दुनिया में सबसे ज्यादा 11 ए-380 विमान हैं जो लंदन, टोरंटो, बैंकॉक, पेरिस, जेद्दा, सियोल, सिडनी और ऑकलैंड के लिए चलाए जा रहे हैं।
इसके अलावा कंपनी एक अगस्त से बीजिंग और एक सितंबर से मैनचेस्टर के लिए ए-380 की उड़ान शुरू करने जा रही है। न्यूयार्क के लिए भी इस विमान की उड़ान 31 अक्टूबर से शुरू होगी। कंपनी ने हाल ही में इन विमानों को अपने बेड़े में शामिल किया है।
कंपनी ने हाल ही में एयरबस कंपनी को 32 नए ए-380 विमानों के लिए 11.5 अरब डॉलर का ऑर्डर दिया है। इसके अलावा कंपनी ने सभी तरह के कुल 90 विमानों की खरीद का ऑर्डर दिया है।
इससे पहले एयरबस ने अपनी परीक्षण और प्रचार उड़ान के तहत 6 मई 2007 को ए-380 विमान को दिल्ली हवाईअड्डे पर उतारा था यह विमान कंपनी के फ्रांस स्थित मुख्यालय से उड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications