कुछ चीजें वाकई हो सकती हैं भाग्यशाली!
लंदन, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भाग्यशाली रत्नों, पोशाकों या अन्य वस्तुओं का मजाक न उड़ाएं, ये वाकई आपके लिए सौभाग्यशाली हो सकती हैं। एक नए अध्ययन में पता चला है कि किसी भी प्रकार का भाग्यशाली रत्न या पोशाक पहनने से वास्तव में आपका आत्मविश्वास बढ़ता है और इससे आपके प्रदर्शन में सुधार होता है।
जर्मनी के कोलोन विश्वविद्यालय की अध्ययनकर्ता लीसैन डैमिश्क कहती हैं, "मैंने कई खेल देखें हैं और यह देखा है कि अक्सर एथलीटों के कुछ अंधविश्वास होते हैं।"
उन्होंने कहा, "माइकल जॉर्डन अपनी बास्केटबॉल पोशाक के नीचे अपनी कॉलेज टीम के वस्त्र पहनते हैं, वह इन वस्त्रों को सौभाग्यशाली मानते हैं। टाइगर वुड्स टूर्नामेंट्स में रविवार को एक लाल रंग की शर्ट पहनते हैं। अक्सर रविवार टूर्नामेंट का अंतिम और महत्वपूर्ण दिन होता है। जब मैं यह सब देखती हूं तो चकित रह जाती हूं कि वे ऐसा क्यों करते हैं।"
डैमिश्क मानती हैं कि अंधविश्वास में भरोसा होने से लोग अपना आत्मविश्वास बढ़ाकर अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।
डैमिश्क और उनके साथियों बारबरा स्टोबरॉक और थॉमस मुसवीलर ने अध्ययन के दौरान देखा कि लोगों के अंधविश्वासों को बढ़ावा देने से उनका प्रदर्शन अच्छा होता है।
वैसे डैमिश्क कहती हैं कि अपना सौभाग्यशाली रत्न, पोशाक या कोई अन्य वस्तु पास रखने का मतलब यह नहीं है कि आप हमेशा ही जीतेंगे। उन्होंने कहा कि यहां तक कि माइकल जॉर्डन भी कई बार बास्केटबॉल खेलों में नहीं जीत पाते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications