नई लांचिंग के सवाल पर ब्लैकबेरी में चुप्पी
टोरंटो, 14 जुलाई (आईएएनएस)। ब्लैकबेरी की निर्माता कंपनी रिसर्च इन मोशन (रिम) के अधिकारियों में प्रतिद्वंद्वी कंपनी एप्पल की बाजार हिस्सेदारी में चार प्रतिशत की कमी की खबरों के बावजूद किसी नए प्रोडक्ट की लांचिंग के लिए कोई हलचल नजर नहीं आ रही है।
मंगलवार को रिम के हिस्सेदारों की वार्षिक आम बैठक में ब्लैकबेरी अधिकारियों ने किसी नई लांचिंग की घोषणा नहीं की। कंपनी की यह बैठक एक उपभोक्ता पत्रिका की उस रिपोर्ट के बाद हुई है जिसमें कहा गया है कि आईफोन4 से एप्पल को घाटा हो रहा है।
बैठक में कंपनी द्वारा प्रस्तावित स्लाइडिंग कीबोर्ड वाले टचस्क्रीन फोन के बारे में भी कोई खुलासा नहीं किया गया। इसके अलावा एप्पल आईपैड को टक्कर देने में सक्षम माने जा रहे ब्लैकबेरी टेबलेट का भी इस बैठक में कोई जिक्र नहीं किया गया।
टोरंटो के करीब वाटरलू में रिम मुख्यालय में शेयरधारकों, निवेशकों और रिम के करीब 300 कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिम बैलसाइल और माइक लैजार्डिस ने पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की आय में 35 प्रतिशत की वृद्धि और वैश्विक ग्राहकों की संख्या में 64 प्रतिशत की बढ़ोतरी को उपलब्धि बताया।
ब्लैकबेरी को एप्पल आईफोन और गूगल एंड्रोइड के उपकरणों से तीखी चुनौती मिल रही है हालांकि बैलसाइल ने कहा कि उनकी कंपनी का स्मार्टफोन ट्विटर उपयोग करने वाले लोगों में लोकप्रिय बना हुआ है।
शेयर बाजार में रिम का शेयर अपने 120 डॉलर के उच्चतम स्तर से तकरीबन आधी कीमत पर पहुंच गया है। शेयरधारक यह जानना चाहते हैं कि कंपनी भारत जैसे बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए क्या रणनीति बना रही है, क्या कंपनी अपने उत्पादों की कीमत में कमी करेगी?
टोरंटो स्टॉक एक्सचेंज ने मंगलवार को ब्लैकबेरी द्वारा शेयरों की पुनर्खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कंपनी के शेयर भाव में गिरावट के चलते 3.1 करोड़ शेयरों की पुर्नखरीद करने का फैसला किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications