जून में महंगाई दर बढ़कर 10.55 प्रतिशत हुई
महंगाई दर में इस वृद्धि के बाद भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा प्रमुख ब्याज दरों में एक और बढ़ोतरी की संभावना बढ़ गई है।
सरकार के तमाम आश्वासनों के बावजूद संशोधित आंकड़ों के मुताबिक पिछले पांच माह से महंगाई की मासिक दर 10 फीसदी से ऊपर बनी हुई है। अप्रैल माह में जारी आंकड़ों में महंगाई की दर 9.59 प्रतिशत बताई गई थी लेकिन संशोधित आंकड़ों में यह दर 11.23 फीसदी हो गई।
ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के केंद्र सरकार के फैसले के चलते जून महीने में ईंधन की कीमतों में 14.32 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
जून माह के दौरान खाद्य पदार्थो की कीमतों में हालांकि कुछ कमी आई है यह पिछले महीने की 16.49 प्रतिशत से घटकर 14.6 प्रतिशत हो गई है।
ईंधन कीमतों के बाद अब धातु क्षेत्र में भी महंगाई बढ़ने के चलते भारतीय रिजर्व बैंक की 27 जुलाई को होने वाली मौद्रिक समीक्षा में ब्याज दरों में एक और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
महंगाई दर में कमी लाने के लिए रिजर्व बैंक इस साल पहले ही तीन बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications