हैदराबाद में संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार
हैदराबाद, 14 जुलाई (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विकार अहमद नाम के एक संदिग्ध का संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठनों से है और यह पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने के तीन मामलों में आरोपी भी है।
अहमद को अमजद नाम के एक अन्य संदिग्ध के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों की गिरफ्तारी सिकंदराबाद से हुई जहां ये हमलों की साजिश रच रहे थे।
ये गिरफ्तारी गुजरात के फिजीशियन सुलेमान और विकार को शरण देने वाले हनीफ से मिले सुराग के आधार पर हुई।
पुलिस के अनुसार स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के पूर्व कार्यकर्ता अहमद पर 500,000 रुपये का इनाम घोषित है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और वहां मौजूद आतंकवादी संगठनों से भी उसके संबंध हैं।
पुलिस के अनुसार शहर के मलाकपेट के रहने वाले अहमद ने इस साल 13 मई को कथित तौर पर एक पुलिस कांस्टेबल को गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना मक्का मस्जिद विस्फोट की तीसरी बरसी से पांच दिन पहले हुई थी।
ऐतिहासिक मक्का मस्जिद से एक किलोमीटर दूरी पर स्थित शहाली बांदा इलाके में एक पुलिसकर्मी पर नकाबपोश हमलावरों ने हमला किया था जिसमें उसकी मौत हो गई थी।
पिछले साल, विस्फोट की दूसरी बरसी पर पुराने शहर के फलकनुमा इलाके में ऐसे ही हमले में एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी गई थी। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था।
अहमद को गिरफ्तार करने के प्रयास में तीन दिसंबर 2008 को दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे।
उल्लेखनीय है कि 18 मई 2007 को मक्का मस्जिद में बम विस्फोट हुआ था जिसमें नौ लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications