मांग को देखते हुए इंफोसिस ने राजस्व अनुमान बढ़ाया (लीड-1)
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस. गोपालकृष्णन ने मंगलवार को कहा, "हालांकि वैश्विक आर्थिक वातावरण में अनिश्चितता है, हम अपने ग्राहकों से सेवाओं के लिए भारी मांग की अपेक्षा कर रहे हैं।"
कंपनी ने इस वित्त वर्ष के लिए अपनी समेकित आय के अनुमान को बढ़ाकर 26,663 करोड़ रुपये (267 अरब रुपये) कर दिया है। भारतीय लेखा मानक के अनुसार साल-दर-साल के आधार पर यह 17 फीसदी अधिक है।
वित्त वर्ष के शुरुआत में अप्रैल में राजस्व अनुमान में संशोधन करके इसे 25,017 करोड़ रुपये कर दिया गया था, जो साल दर साल के आधार पर 10 फीसदी अधिक था।
अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय नियामक प्रणाली (आईएफआरएस) के तहत चालू वित्त वर्ष में सकल आय 5.8 अरब डॉलर रहने की उम्मीद है, जो साल-दर-साल के आधार पर 20 फीसदी अधिक है। यह आंकड़ा अप्रैल में साल-दर-साल के आधार पर अनुमानित सकल आय 5.6 अरब डॉलर से मामूली अधिक है।
भारतीय लेखा मानक के अनुसार अनुमान लगाया गया है कि वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई से सितंबर) में कंपनी को 6,595 करोड़ रुपये (65.95 अरब रुपये) की आय हो सकती है जो पिछले वित्त वर्ष के इसी तिमाही से 18 फीसदी अधिक है।
आईएफआरएस के तहत दूसरी तिमाही में 1.4 अरब डॉलर के राजस्व प्राप्ति का अनुमान है जो साल-दर-साल के आधार पर 23 फीसदी अधिक है।
यह अनुमान ताजा विनिमय दर 46.45 रुपये प्रति डॉलर पर आधारित है जबकि अप्रैल में यह दर 44.50 रुपये प्रति डॉलर थी।
मुख्य संचालन अधिकारी एस. डी. शिबुलाल ने कहा, "हम समाधान और नई प्रक्रियाओं में लगातार निवेश कर रहे हैं और साथ ही ग्राहकों के बीच अपनी सेवाओं की मांग में वृद्धि भी देख रहे हैं।"
चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में हालांकि कंपनी को 1,488 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में यह 2.4 फीसदी कम है।
कपंनी को पिछले साल की पहली तिमाही में 1,525 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। इस साल की पहली तिमाही में इंफोसिस की कुल आय 13.3 फीसदी बढ़कर 6,198 करोड़ रुपये रही जो पिछले साल समान अवधि में 5,472 करोड़ रुपये थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications