युगांडा में बम धमाका, 64 मरे

इन हमलों के पीछे क्या वजह है इस बारे में अभी पता नहीं चल पाया है. धमाका उस समय हुआ जब लोग फुटबॉल विश्व कप मैच के फ़ाइनल का लुत्फ़ उठा रहे थे. पुलिस महानिरीक्षक काले काएहुरा ने बताया कि चर्चित रेस्तरां 'इथोपिएन विलेज' में हुए धमाके में 13 लोगों की मौत हो गई जबकि 10 लोग रग्बी क्लब में मारे गए.
काएहुरा ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि उन्हें शक है कि धमाके के पीछे सोमालिया के चरमपंथी संगठन अल- शबाब का हाथ हो सकता है. काएहुरा का कहना था ये धमाके भीड़ भाड़ वाले इलाक़ों में मैच देख रहे लोगों को निशाना बना कर किए गए ताकि अधिक से अधिक नुकसान पहुंचाया जा सके.
युगांडा और बुरुंडी के लगभग पांच हज़ार सैनिक सोमालिया की राजधानी मोगादिसु मे तैनात हैं. पुलिस का कहना है कि जान बूझ कर विश्व कप मैच देख रही भीड़ को निशाना बना कर ये धमाके किए गए. उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ़्रीका के जोहानेसबर्ग में स्पेन और नीदरलैंड के बीच विश्व कप फ़ुटबॉल का फ़ाइनल खेला गया जिसमें स्पेन विजयी रहा.












Click it and Unblock the Notifications