.. तो भोपाल गैस मामले को स्वीकार नहीं करूंगा : फली नरीमन
नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। भोपाल गैस लीक मामले में युनियन कार्बाइड के मुख्य अधिवक्ता रहे फली नरीमन ने कहा है कि यदि दोबारा उनके सामने मौका आया तो वह निश्चित रूप से भोपाल गैस लीक जैसे नागरिक दायित्व के मामले को स्वीकार नहीं करेंगे।
नरीमन ने सीएनएन-आईबीएन चैनल पर रविवार को प्रसारित पत्रकार करण थापर के 'डेविल्स एडवोकेट' कार्यक्रम में कहा, "यदि मुझे अपना पूरा जीवन एक वकील के रूप में दोबारा जीना पड़े और यह मामला मेरे सामने आए और मुझे उसके बारे में पहले ही पूरी जानकारी हो, तो मैं उस मामले को नहीं स्वीकार करूंगा।"
नरीमन ने 1985 में युनियन कार्बाइड की ओर से मुकदमा लड़ा था। उन्होंने कहा कि उन्होंने सोचा था कि भोपाल मामला उनके खाते में एक और उपलब्धि जोड़ देगा। "मेरे कहने का मतलब यह कि उस उम्र में हर कोई महत्वाकांक्षी होता है। लेकिन मुझे बाद में समझ में आया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.. कोई व्यक्ति मामले में उलझने के बाद उससे अलग नहीं हो सकता.. लेकिन वह कोई मामला नहीं था, बल्कि त्रासदी थी। और किसी त्रासदी में कौन सही है और कौन गलत, न्यायोचित भावना तक पहुंचने के रास्ते में ये सब बातें रोड़ा बन जाती हैं।"
नरीमन ने कहा, "मैं समझता हूं कि मुझे अन्य लोगों के साथ पतित फरिश्ता कहा गया। निश्चित रूप से मैं कोई फरिश्ता नहीं हूं, लेकिन मैं कोई शैतान भी नहीं हूं। लेकिन पतित फरिश्ता शायद वह सब कुछ बयान कर सकता है, जो कि इस पूरे मामले के बारे में अन्य लोग सोचते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications