युवक की मौत के बाद सोपोर में तनाव
श्रीनगर, 28 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के सोपोर में एक युवक की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। सोमवार को हजारों लोग कर्फ्यू के नियमों का उल्लंघन कर युवक के जनाजे में शामिल हुए।
तेईस वर्षीय बिलाल अहमद वानी के जनाजे में शामिल लोगों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे तथा लाठी चार्ज किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक सोपोर में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि युवक का शव बाद में दफना दिया गया।
गौरतलब है कि सोपोर में कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाली भीड़ को तितर-बितर करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने रबर की गोलियां दागी थीं। उनमें से एक गोली बिलाल की गर्दन में लगी थी।
मीरवाइज उमर फारुख सहित हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी गुट के सभी वरिष्ठ नेताओं को युवक की हत्या के विरोध में निकाले जाने वाले जुलूस से पहले ही उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया।
खबरों के मुताबिक सोमवार को सोपोर में विभिन्न स्थानों पर गुस्साई भीड़ ने पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों पर पथराव किया।
अधिकारियों ने सोपोर में अलगाववादियों के जुलूस के मद्देनजर निकटवर्ती जिले बारामूला में भी प्रतिबंध लगा दिए हैं।
गौरतलब है कि इस रैली का ऐलान मीरवाइज उमर ने किया है। हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी नेताओं ने भी इसको समर्थन दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications