दिल्ली में बौछारें पर मानसून में देर
नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। दिल्लीवासी सोमवार को बारिश की रिमझिम फुहारों का आनंद ले सकते हैं लेकिन उन्हें मानसून के लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा। यहां 29 जून को मानसून को दस्तक देनी थी लेकिन अब तक इसका कुछ पता नहीं है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के निदेशक बी.पी. यादव ने आईएएनएस को बताया, "मानसून अक्सर 29 जून तक दिल्ली पहुंच जाता है लेकिन इस बार जुलाई की शुरुआत में इसके यहां पहुंचने का अनुमान है।"
आईएमडी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में मानसून से पहले की बौछारें पड़ रही हैं जिसकी वजह से रात के तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
सोमवार को न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के इस समय के सामान्य तापमान से कुछ नीचे है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शाम को गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की उम्मीद है।"
इस बीच आद्र्रता 65 प्रतिशत मापी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications