आवाज का नमूना देने में कोई समस्या नहीं : पाकिस्तान
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा के 15 जुलाई को प्रस्तावित इस्लामाबाद दौरे के पूर्व भारत को उम्मीद है कि पाकिस्तान इस दिशा में कुछ विश्वसनीय कार्रवाई करेगा।
पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक ने गृह मंत्री पी. चिदंबरम के साथ अपनी वार्ता के तीन दिनों बाद सीएनएन-आईबीएन के साथ एक साक्षात्कार में कहा, "तीन-चार दिनों पूर्व जो दस्तावेज हमें प्राप्त हुए हैं, मैंने उसे जांचकर्ताओं को सौंप दिया है। और मैंने भारतीय गृह मंत्री चिदंबरम को आश्वस्त किया है कि हम इस मामले को सिरे से सकारात्मक रूप से लेने जा रहे हैं।"
मलिक से जब मुंबई हमले के सूत्रधारों के आवाज के नमूने के बारे में भारत के आग्रह पर पाकिस्तान के जवाब के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "जहां तक आवाज के नमूने का सवाल है, हमें इसमें कोई समस्या नहीं है।"
यह मुद्दा मलिक के साथ शुक्रवार को चर्चा के दौरान चिदंबरम ने उठाया था।
मुंबई हमले के संदिग्ध साजिशकर्ता हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई के लिए भारत की ओर से बार-बार की जा रही मांग पर मलिक ने कहा कि यद्यपि पाकिस्तान सरकार ने सईद के खिलाफ कार्रवाई की, लेकिन अदालत ने उसे राहत दे दी।
मलिक ने कहा, "हमें एक-दूसरे की अदालतों का सम्मान करना सीखना चाहिए।"
दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की 15 जुलाई को प्रस्तावित मुलाकात के पहले मुंबई हमले के आरोपियों के खिलाफ कुछ ठोस कार्रवाई का संकेत करते हुए मलिक ने कहा, "हम सहज थे। उन्होंने हमें अपनी जरूरतें बताई, मैंने भी उन्हें अपनी जरूरतें बताई। मैं फिलहाल इसे सार्वजनिक नहीं करना चाहता। लेकिन मैं समझता हूं कि जिस स्तर पर सहयोग के लिए हमारे बीच सहमति बनी है, लोगों को आगे चल कर इसके बारे में पता चल जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications