महंगाई के खिलाफ विपक्षी दल आंदोलित (राउंडअप)
जहां मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पहली जुलाई को देश भर में महंगाई विरोधी दिवस मनाने की घोषणा की है, वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने वामपंथी पार्टियों के साथ मिल कर पांच जुलाई को भारत बंद का आान किया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने 10 जुलाई को बिहार बंद की घोषणा की है, तो बीजू जनता दल (बीजद) ने पांच जुलाई को उड़ीसा बंद का आान किया है। बहुजन समाज पार्टी ने भी ईंधन मूल्य वृद्धि के खिलाफ छह जुलाई को पूरे उत्तर प्रदेश में धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है।
मूल्य वृद्धि के खिलाफ अपने रुख को सख्त करते हुए भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधा और पहली जुलाई को अखिल भारतीय स्तर पर 'महंगाई विरोधी दिवस' मनाने की घोषणा की।
भाजपा ने संसद के मानसून सत्र के प्रारंभ में राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की भी घोषणा की। इस दौरान राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील को महंगाई के खिलाफ 10 करोड़ हस्ताक्षरों वाला एक निवेदन पत्र सौंपा जाएगा।
भाजपा महासचिव अनंत कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, "एनएसी (राष्ट्रीय सलाहकार परिषद) के अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी के इस पहले कदम ने आम आदमी के जीवन में तूफान मचा दिया है। उन्हें आम आदमी के लिए घड़ियाली आंसू बहाना और झूठी सहानुभूति जाहिर करना बंद करना चाहिए। भाजपा उनसे इस कदम पर सफाई की मांग करती है।"
अनंत कुमार ने कहा, "पहली जुलाई को महंगाई विरोधी दिवस मनाया जाएगा। सभी राज्यों की राजधानियों और शहरों में हम बड़ी-बड़ी रैलियां निकालेंगे।"
उधर, सपा ने पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्धि के खिलाफ पांच जुलाई को वाम दलों के साथ देशव्यापी आम हड़ताल की घोषणा की है।
सपा की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने लखनऊ में सोमवार को संवाददाताओं को पार्टी के इस निर्णय की जानकारी दी। चौधरी ने बताया कि सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने मंहगाई के खिलाफ पांच जुलाई को देश में आम हड़ताल का आह्वान किया है और उन्होंने मंहगाई से पीड़ित जनता से इस आम हड़ताल में शामिल होने की अपील की है।
चौधरी ने कहा कि कि इस देशव्यापी आम हड़ताल में सपा और वामदल संयुक्त रूप से हिस्सा लेंगे।
महंगाई का विरोध करने में बसपा भी पीछे नहीं है। उसने पेट्रोलियम पदार्थो के कीमतों में की गई वृद्धि के खिलाफ छह जुलाई को पूरे उत्तर प्रदेश में धरना प्रदशर्न करने की घोषणा की है।
लखनऊ में सोमवार को जारी एक बयान में बसपा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री मायावती ने ऐलान किया कि पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में वृद्धि के विरोध में बसपा के कार्यकर्ता राज्य के सभी 71 जिलों में छह जुलाई को धरना प्रदशर्न करेंगे।
मायावती ने कहा कि पहले से महंगाई से समूचे देश में हाहाकार मचा है। अब पेट्रोल, डीजल, केरोसिन और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि से आम आदमी का जीना मुहाल हो जाएगा।
कांग्रेस पर हमला करते हुए मायावती ने कहा कि केंद्र सरकार धन्ना सेठों को लाभ पहुंचाने के लिए गरीब और आम आदमी की उपेक्षा कर रही है।
राजद और लोजपा ने 10 जुलाई को बिहार बंद का आान किया है। राजद महासचिव रामकृपाल यादव ने सोमवार को कहा कि बिहार में लोगों को बुनियादी सुविधाएं मयस्सर नहीं हो रही हैं जबकि केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थो की कीमत बढ़ाकर इस गरीब प्रदेश के लोगों को महंगाई में झोंक दिया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार, बिजली और खाद की किल्लत और पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में वृद्घि के खिलाफ राजद ने अगामी 10 जुलाई को बिहार बंद का आान किया है। इस कार्यक्रम में लोजपा भी साथ होगी। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है।
उड़ीसा में सत्ताधारी बीजद और उसके सहयोगी दलों ने ईंधन कीमतों में वृद्धि के खिलाफ पांच जुलाई को उड़ीसा बंद का आान किया है।
बीजद प्रवक्ता बैष्णब पारिदा ने आईएएनएस को बताया, "हमने पांच जुलाई को राज्यव्यापी बंद का आान किया है। हमारे गठबंधन के सहयोगी भी बंद में शामिल होंगे।"
इसके पहले सोमवार को ही बीजद के कम से कम 40 विधायकों ने ईंधन कीमतों में वृद्धि के विरोध में साइकिल रैली निकाली।
बीजद के विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और बैनर लेकर पार्टी कार्यालय से विधानसभा तक साइकिल रैली निकाली।
एक वरिष्ठ बीजद नेता ने आईएएनएस से कहा, "ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का असर आम आदमी पर पड़ेगा, इससे कई लोग साइकिल चलाने के लिए मजबूर हो जाएंगे। हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि इस बढ़ोतरी के फैसले को वापस लिया जाए।"
ज्ञात हो कि केंद्र सरकार ने 25 जून को पेट्रोल की कीमत पर अपना नियंत्रण समाप्त कर दिया और डीजल, केरोसिन व रसोई गैस की कीमतें बढ़ा दी। डीजल की कीमत दो रुपये प्रति लीटर, केरोसिन की कीमत तीन रुपये प्रति लीटर और रसोई गैस की कीमत प्रति सिलिंडर 35 रुपये बढ़ गई। पेट्रोल अब 3.50 रुपये महंगा हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications