जम्मू एवं कश्मीर में अलगाववादी नेता
श्रीनगर, 28 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के सोपोर कस्बे में अलगाववादी नेताओं के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए मीरवाइज उमर फारूक सहित कई अलगाववादी नेताओं को सोमवार को हिरासत में ले लिया गया। सोपोर में रविवार को हुई गोलीबारी में एक युवक की मृत्यु हो गई थी।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि फारूख को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया है जबकि जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के अध्यक्ष यासिन मलिक को भी हिरासत में ले लिया गया है।
वरिष्ठ शिया नेता आगा सैयद हसन को भी मध्य बदगाम जिले में स्थित उनके घर में नजरबंद कर दिया गया है।
श्रीनगर में भारी संख्या में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। इलाके में किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
श्रीनगर में दुकानें, औद्योगिक प्रतिष्ठान, स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं। किसी भी अलगाववादी संगठन ने बंद का ऐलान नहीं किया है। सोपोर कस्बे में रविवार शाम को सीआरपीएफ की गोलीबारी में कथित रूप से एक अन्य युवक की मौत के बाद तनाव फैल गया था।
अधिकारियों ने इस इलाके में सोमवार और मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद रखने का निर्देश दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications