भाजपा का 1 जुलाई को महंगाई विरोधी दिवस
भाजपा ने कहा कि सोनिया गांधी को आम आदमी के प्रति झूठी सहानुभूति व्यक्त करने से बाज आना चाहिए।
भाजपा ने संसद के मानसून सत्र के प्रारंभ में राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की भी घोषणा की। इस दौरान राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील को महंगाई के खिलाफ 10 करोड़ हस्ताक्षरों वाला एक निवेदन पत्र सौंपा जाएगा।
भाजपा महासचिव अनंत कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, "एनएसी (राष्ट्रीय सलाहकार परिषद) के अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी के इस पहले कदम ने आम आदमी के जीवन में तूफान मचा दिया है। उन्हें आम आदमी के लिए घड़ियाली आंसू बहाना और झूठी सहानुभूति जाहिर करना बंद करना चाहिए। भाजपा उनसे इस कदम पर सफाई की मांग करती है।"
अनंत कुमार ने कहा, "पहली जुलाई को महंगाई विरोधी दिवस मनाया जाएगा। सभी राज्यों की राजधानियों और शहरों में हम बड़ी-बड़ी रैलियां निकालेंगे। संप्रग सरकार महंगाई पर काबू पाने में विफल रही है।"
ज्ञात हो कि केंद्र सरकार ने 25 जून को पेट्रोल की कीमत पर अपना नियंत्रण समाप्त कर दिया और डीजल, केरोसिन व रसोई गैस की कीमतें बढ़ा दी। डीजल की कीमत दो रुपये प्रति लीटर, केरोसिन की कीमत तीन रुपये प्रति लीटर और रसोई गैस की कीमत प्रति सिलिंडर 35 रुपये बढ़ गई। पेट्रोल अब 3.50 रुपये महंगा हो गया।
भाजपा ने ईंधन मूल्य वृद्धि को वापस लेने की मांग की है।
कुमार ने कहा कि इस अनुचित मूल्य वृद्धि पर सरकार को घेरने के लिए भाजपा और प्रयास कर रही है।
कुमार ने कहा, "हमने पहले ही पांच करोड़ हस्ताक्षर जुटा लिया है और हमारा लक्ष्य 10 करोड़ हस्ताक्षरों का है। हम संसद के मानसून सत्र के प्रारंभ में राष्ट्रपति भवन के लिए मार्च करेंगे और इस हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति को अपना निवेदन सौंपेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications