कश्मीर में जवानों ने गोली नहीं चलाई : सीआरपीएफ
नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक विक्रम श्रीवास्तव ने इस बात से इंकार किया कि उनके जवानों ने सोमवार को कश्मीर में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की।
यहां पत्रकारों से बातचीत में श्रीवास्तव ने कहा कि उनके जवानों ने सोमवार को घाटी के किसी भी हिस्से में गोली नहीं चलाई। उन्होंने कहा, "संभवत: कुछ रबड़ की गोलियां चलाईं गईं।" उन्होंने कहा कि राज्य में सीआरपीएफ का काम कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए राज्य पुलिस का सहयोग करना है।
सोमवार को कश्मीर के सोपोर और बारामूला में दो और किशोरों के सुरक्षा बलों की कथित गोली से मारे जाने के बाद सीआरपीएफ का यह स्पष्टीकरण आया है।
घाटी में पिछले पांच दिनों में सुरक्षा बलों की कथित गोलीबारी में पांच युवकों की मौत हो चुकी है।
श्रीवास्तव ने कहा कि सीआरपीएफ ने सोपोर में गोलीबारी की जांच का आदेश दिया है। सीआरपीएफ पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने जवानों पर गोलीबारी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications