ईंधन कीमतों में वृद्धि के खिलाफ 5 जुलाई को उड़ीसा बंद (लीड-1)
बीजद प्रवक्ता बैष्णब पारिदा ने आईएएनएस को बताया, "हमने पांच जुलाई को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। हमारे गठबंधन के सहयोगी भी बंद में शामिल होंगे।"
राज्य में बीजद के घटक दलों में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, फारवर्ड ब्लाक, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल शामिल हैं।
इसके पहले सोमवार को ही बीजद के कम से कम 40 विधायकों ने ईंधन कीमतों में वृद्धि के विरोध में साइकिल रैली निकाली।
बीजद के विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और बैनर लेकर पार्टी कार्यालय से विधानसभा तक साइकिल रैली निकाली।
एक वरिष्ठ बीजद नेता ने आईएएनएस से कहा, "ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का असर आम आदमी पर पड़ेगा, इससे कई लोग साइकिल चलाने के लिए मजबूर हो जाएंगे। हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि इस बढ़ोतरी के फैसले को वापस लिया जाए।"
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल पर दी जाने वाली सब्सिडी हटा ली थी और डीजल, केरोसीन और रसोई गैस के दामों मे बढ़ोतरी की थी।
केंद्र सरकार ने डीजल में 2 रुपये प्रति लीटर, केरोसीन में 3 रुपये प्रति लीटर और रसोई गैस की कीमत में 35 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की है, जबकि पेट्रोल 3.50 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications