कश्मीर में विरोध प्रदर्शनों में 2 की मौत (लीड-2)
श्रीनगर, 28 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के बारामूला और सोपोर जिलों में भारी पथराव कर रही उग्र भीड़ पर सुरक्षा बलों की कथित गोलीबारी में दो युवक मारे गए।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर सोपोर की ओर बढ़ रही एक भीड़ को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और राज्य पुलिस के जवानों ने रोका तो भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। सुरक्षा बलों की कथित गोलीबारी में बारामूला के बाहरी इलाके देलिना में तारिक अहमद रतहर (20 वर्ष) की मौत हो गई।
सोपोर बारामूला से 14 किलोमीटर दूर है।
इससे पहले दिन में सोपोर में उग्र भीड़ के कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर सुरक्षा बलों द्वारा की गई कथित गोलीबारी में एक युवक मारा गया था। पुलिस ने बताया कि मारे गए युवक की पहचान तजामुल अहमद भट के रूप में की गई।
गत शुक्रवार को उग्र भीड़ द्वारा सीआरपीएफ के वाहन में आगजनी के बाद सुरक्षाकर्मियों की कथित गोलीबारी में दो युवकों के मारे जाने के बाद तनाव व्याप्त हो गया था। उसी दिन से सोपोर में कर्फ्यू लगा हुआ है।
रविवार शाम को भीड़ के कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर हुई गोलीबारी में भी एक युवक की मौत हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications