केरल में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़े
नई दिल्ली, 28 जून (आईएएनएस)। केरल में स्वाइन फ्लू के मामलों की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी दी कि पिछले सप्ताह केरल स्वाइन फ्लू के 266 मामलों के साथ पहले स्थान पर रहा जबकि इसके बाद महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा, 36 मामले सामने आए।
देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून पहुंचने के साथ अधिकारी स्वाइन फ्लू के संक्रमण के प्रति आशंकित हैं। बारिश के मौसम में इस बीमारी के वायरस का संक्रमण तेजी से होता है।
पिछले सप्ताह में देशभर में ऐसे 345 नए मामले सामने आए हैं जबकि 17 लोगों की स्वाइन फ्लू से मृत्यु हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक अब तक केरल के केवल दो जिलों तिरूवनंतपुरम और कोल्लम में स्वाइन फ्लू के मामले अधिक संख्या में मिले हैं।
स्वाइन फ्लू वायरस के संक्रमण से केरल में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि केरल में स्वाइन फ्लू के टीके और टेमीफ्लू पर्याप्त मात्रा में भेज दिए गए हैं।
केरल के बाद महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले मिले हैं। यहां इस सप्ताह ऐसे 36 मामले सामने आए हैं।
संक्रमण से महाराष्ट्र में कथित तौर पर सात और आंध्रप्रदेश में दो मौतें हो चुकी हैं। स्वाइन फ्लू से बुरी तरह प्रभावित एक और राज्य कर्नाटक से अब तक किसी मौत की जानकारी नहीं मिली है।
इस सप्ताह दिल्ली में स्वाइन फ्लू का कोई नया मामला सामने नहीं आया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications