हिंदू नेता की हत्या मामले में माओवादी हिरासत में
काठमाडू, 28 जून (आईएएनएस)। दक्षिणी नेपाल में उग्रवादी हिंदू संगठन के एक नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को एक स्थानीय माओवादी नेता को हिरासत में लिया।
पिछले महीने माओवादियों द्वारा घोषित हड़ताल के बाद माओवादी शिविर पर हमला करने वाले हिंदू युवा संघ के प्रमुक काशीनाथ तिवारी की पिछले दिनों हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बीरगंज कस्बे के जामिल मियां को हिरासत में लिया है।
तिवारी की हत्या के बाद संघ ने रविवार से बीरगंज में अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की थी। शनिवार को दो मोटर साइकिलों पर सवार लोगों ने गोली मारकर तिवारी की हत्या कर दी थी।
विरोध प्रदर्शन के दूसरे दिन सोमवार को शिक्षण संस्थान दोबारा खोले गए हैं और सड़कों पर यातायात के साधनों में बढ़ोतरी हुई है। बाजार और दुकानें अभी भी बंद हैं।
संघ के कार्यकर्ता शहर के चौराहे पर तिवारी का शव रखकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना है कि वे तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे जब तक कि हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया जाता।
वर्ष 2007 में माओवादियों द्वारा एक अन्य विरोधी नेता की हत्या के बाद भी तनाव फैल गया था, इस बार भी तिवारी की हत्या के मामले में माओवादियों की भूमिका की आशंका जताई जा रही है हालांकि माओवादियों ने इस आरोप को खारिज किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications