रोहतांग सुरंग से निकलेगा 16 लाख टन मलबा
सोलांग (हिमाचल प्रदेश), 28 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को जिस रोहतांग सुरंग की आधारशिला रखी, उसकी खुदाई से 16 लाख टन चट्टानों व पत्थरों का मलबा निकलेगा।
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के लेफ्टिनेंट कर्नल के.एस.ओबेराय ने सुरंग स्थल पर आईएएनएस संवाददाता से बताया, "सुरंग की खुदाई से 16 लाख टन मलबा निकलेगा।"
ओबेराय ने कहा कि चट्टान के इस मलबे का काफी हद तक इस्तेमाल 8.82 किलोमीटर लंबी घोड़े की नाल के आकार वाली इस सुरंग के निर्माण में हो जाएगा। यह सुरंग 11.25 मीटर चौड़ी होगी। इस सुरंग के जरिए दोतरफा यातायात की सुविधा होगी।
ओबेराय ने कहा, "बाकी मलबे को, जिसे हम कंकरीट के साथ मिला कर इस्तेमाल नहीं कर सकते, उसे सुरंग स्थल के रास्ते में पड़ने वाले निचले इलाकों में पाट दिया जाएगा।" इससे इलाके के कमजोर पारिस्थितिकी तंत्र को पर्यावरण का कोई खतरा नहीं होगा।
इस सुरंग की कल्पना 26 वर्ष पहले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने की थी। अब इस सुरंग के 2015 तक तैयार होने की उम्मीद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications