चण्डीगढ़, पंजाब और हरियाणा में बारिश से मौसम खुशगवार
चण्डीगढ़, 28 जून (आईएएनएस)। चण्डीगढ़, हरियाणा और पंजाब के विभिन्न भागों में सोमवार को बारिश से मौसम सुहाना हो गया। तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस कमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
चण्डीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया, "चण्डीगढ़ और पंजाब तथा हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में बारिश से तापमान दो से चार डिग्री नीचे चला गया है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम सुहाना बना रहेगा तथा शाम या रात के समय बारिश हो सकती है।"
पंजाब और हरियाणा की राजधानी चण्डीगढ़ में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत तापमान से दो डिग्री नीचे था। यहां पर 9.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
अमृतसर और पंजाब में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से चार डिग्री नीचे था। यहां पर 9.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पटियाला और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया।
पाल ने बताया कि यह मानसून पूर्व बारिश नहीं है। लेकिन यह मानसून आने का संकेत है। हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं। कुछ दिनों के भीतर हम यह बताने की स्थिति में होंगे कि मानसून कब तक यहां पहुंचेगा।
हरियाणा और अंबाला में न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से चार डिग्री नीचे था। यहां पर 11.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications